मुंबई में हो रही लगातार बारिश अब लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। कई घंटों से लगातार हो रही बारिश के चलते कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। बारिश की वजह से मुंबई के मलाड और कल्याण में दीवार गिरने की खबर है। मलाड के पिंपरीपाड़ा में दीवार गिरने से 13 और कल्याण में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पुणे से भी कुछ ऐसी ही खबर है। यहां दीवार गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। कुछ लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।

लगातार हो रही बारिश के चलते कई कमजोर दीवारें गिरने की खबरें सामने आई हैं। सभी जगहों पर राहत बचाव कार्य जारी है। मलबे में दबे लोगों को तुरंत निकाला गया। एनडीआरएफ मलबे में दबे कुछ लोगों को बचाने में कामयाब रही। दीवार गिरने की इन घटनाओं में कई लोग घायल हैं। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को भी भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने मंगलवार यानि आज सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल-ऑफिस बंद रखने का फैसला किया है।

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मलाड में दीवार गिरने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, 'मलाड में दीवार गिरने से गई लोगों की जान की खबर सुनकर दुख हुआ। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। इस घटना में जान गंवाने वालों के लिए 5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की गई है।'

मुंबई में बारिश का आलम ये है कि यहां एयरपोर्ट पर एक विमान के फिसलने की भी खबर है। बारिश के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जयपुर से मुंबई आई स्पाइस जेट की फ्लाइट ने जैसे ही लैंड किया, वो रनवे पर फिसलने लगी। जिससे कोई बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए हैं। इसके बाद बारिश की वजह से अब मुंबई एयरपोर्ट का मेन रनवे बंद कर दिया गया है।

Axact

Admin

A passionate Journalist and RTI Activist

Post A Comment:

0 comments:

Note: Only a member of this blog may post a comment.